गोगा नवमी पर निकला चल समारोह हिंदू उत्सव समिति ने किया स्वागत नगर में दो स्थानों पर बीती रात हुई चोरी हर रविवार थाना परिवार पार्वती थाना क्षेत्र के अलीपुर में हुई चाकू बाजी की घटना देखें सभी खबर हमारे साथ
गोगा नवमी पर निकली भव्य शोभायात्रा, हिंदू उत्सव समिति ने किया तीनों छड़ियों का स्वागत
आष्टा। गोगा नवमी के अवसर पर शनिवार को आष्टा नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। बड़ी संख्या में श्रद्धालु इसमें शामिल हुए और नगर के प्रमुख मार्गों पर धार्मिक उत्साह का माहौल रहा।
राम मंदिर के समीप हिंदू उत्सव समिति अध्यक्ष नारायण सिंह मुकाती भूरू के नेतृत्व में शोभायात्रा की तीनों छड़ियों का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। भगवान गोगा देव की पूजा-अर्चना के बाद तीनों छड़ियों के अध्यक्षों को साफा एवं दुपट्टा पहनाकर सम्मानित किया गया। शोभायात्रा के प्रमुख पदाधिकारी राहुल वाल्मीकि का भी फूलमालाओं से स्वागत किया गया।
इस अवसर पर समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सामाजिक सद्भाव, आपसी भाईचारे और धार्मिक एकता का संदेश दिया।

‘हर रविवार–थाना परिवार’ से मजबूत हो रही पुलिसिंग, योग-ध्यान के साथ अपराधों की समीक्षा
सीहोर। पुलिस महानिरीक्षक भोपाल देहात जोन रुचिवर्धन मिश्र के निर्देशन, डीआईजी भोपाल देहात राजेश सिंह चंदेल के मार्गदर्शन एवं पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना के नेतृत्व में रविवार को जिले के सभी थानों, चौकियों एवं पुलिस कार्यालयों में ‘हर रविवार–थाना परिवार’ कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत हार्टफुलनेस टीम के मार्गदर्शन में योग, प्राणायाम एवं ध्यान से हुई। इसके बाद पुलिस अधिकारियों ने थाना स्टाफ के साथ संवाद कर अपराध, लंबित प्रकरण, मर्ग, चालान, स्थाई वारंट एवं CM हेल्पलाइन की शिकायतों की समीक्षा की।
अधिकारियों ने लंबित मामलों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण, महिला एवं बाल अपराधों में संवेदनशील कार्रवाई तथा e-Sakshya, e-विवेचना और डिजिटल पुलिसिंग को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। साइबर अपराधों में SOP के अनुसार कार्रवाई और लंबित स्थाई वारंटों की तामीली पर भी विशेष जोर दिया गया।
एसडीओपी आष्टा दामोदर गुप्ता ने थाना आष्टा के पुलिस स्टाफ के साथ कार्यक्रम में सहभागिता की। अधिकारियों ने थाना परिसरों की साफ-सफाई, डायल-112 वाहनों की कार्यशीलता तथा पुलिस बल में अनुशासन, टीम भावना और बेहतर कार्य वातावरण बनाए रखने पर भी जोर दिया।

आष्टा में एक ही रात दो स्थानों पर चोरी, लाखों के जेवरात पर चोरों ने किया हाथ साफ
आष्टा। नगर में पिछली रात अलग-अलग दो स्थानों पर चोरी की घटनाएं सामने आने से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। शांति नगर में एडवोकेट प्रहलाद सिंह वर्मा के घर अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर करीब 5 लाख रुपये से अधिक कीमत के जेवरात चोरी कर लिए।
घटना की सूचना मिलते ही आष्टा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की बारीकी से जांच शुरू की। एफएसएल टीम ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर संदिग्धों की तलाश कर रही है।
वहीं वाल्मीकि नगर में रोहित वाल्मीकि के घर भी बीती रात चोरी की घटना सामने आई है। यहां से कितना सामान और क्या-क्या चोरी हुआ है, इसका पूरा विवरण फिलहाल सामने नहीं आया है। पुलिस इस मामले की भी जांच कर रही है।
एक ही रात नगर में दो अलग-अलग स्थानों पर चोरी की घटनाओं से लोगों में चिंता का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामलों की गंभीरता से जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने के प्रयास जारी हैं।

अलीपुर जनपद चौराहे पर चाकूबाजी, युवक गंभीर घायल; आरोपी गिरफ्तार
आष्टा। पार्वती थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले अलीपुर के जनपद चौराहे पर पैसों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर चाकू से हमला किए जाने की घटना सामने आई है। वारदात में संदीप मंडवाल गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल सिविल अस्पताल आष्टा पहुंचाया।
प्राथमिक उपचार के बाद युवक की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे भोपाल रेफर कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पार्वती थाना पुलिस सक्रिय हुई और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
इधर घटना से आक्रोशित लोगों एवं हिंदू संगठनों से जुड़े लोगों ने थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई और शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की थी। पुलिस की कार्रवाई के बाद स्थिति नियंत्रण में है।
पहले भी हो चुकी हैं घटनाएं, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
जनपद चौराहे क्षेत्र में पहले भी चाकूबाजी और पत्थरबाजी व बंदूक निकाल कर धमकाने की घटनाएं सामने आने की बात कही जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति चिंता का विषय है।
एक बार फिर हुई चाकूबाजी की घटना के बाद क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की निगरानी को लेकर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि संवेदनशील स्थानों पर पुलिस गश्त बढ़ाई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
