नशे से दूर रहकर सपनों को दें नई उड़ान : संस्कृति स्कूल में जागरूकता अभियान
नशे से दूर रहकर सपनों को दें नई उड़ान : संस्कृति स्कूल में जागरूकता अभियान
विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक व सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दिया नशामुक्त समाज का संदेश
आष्टा। संस्कृति हायर सेकेंडरी स्कूल आष्टा में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराने तथा समाज में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से नशा मुक्ति जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। विद्यालय संचालक एवं प्राचार्य सर्वेश उपाध्याय के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और नुक्कड़ नाटक सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रभावी संदेश दिया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। नाटक के माध्यम से नशे की लत से व्यक्ति, परिवार और समाज पर पड़ने वाले गंभीर दुष्प्रभावों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया। विद्यार्थियों ने बताया कि नशे की आदत व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ उसकी मानसिक स्थिति, आर्थिक स्थिति और पारिवारिक जीवन को भी प्रभावित करती है। वहीं युवाओं में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति उनके शिक्षा, करियर और उज्ज्वल भविष्य के लिए गंभीर चुनौती बन सकती है।
‘नशा दीमक की तरह सपनों को खोखला कर देता है’
इस अवसर पर विद्यालय संचालक एवं प्राचार्य सर्वेश उपाध्याय ने कहा कि, “नशा एक दीमक की तरह है, जो धीरे-धीरे हमारे शरीर, मन और सपनों को अंदर से खोखला कर देता है। युवावस्था जीवन का स्वर्णिम समय है। इस ऊर्जा को नशे जैसी बुराइयों में गंवाने के बजाय शिक्षा, खेल, कला और रचनात्मक कार्यों में लगाना चाहिए।”
उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य और स्वस्थ समाज के निर्माण की दिशा में एक सकारात्मक प्रयास है। विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान देने के साथ-साथ उन्हें सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना भी है।
सर्वांगीण विकास पर विद्यालय का विशेष जोर
प्राचार्य उपाध्याय ने बताया कि संस्कृति हायर सेकेंडरी स्कूल में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जाते हैं। विद्यालय में समय-समय पर वाद-विवाद, खेलकूद, चित्रकला, सांस्कृतिक कार्यक्रम, जागरूकता अभियान एवं मोटिवेशनल सत्र आयोजित किए जाते हैं। विद्यार्थियों को उनकी रुचि और प्रतिभा के अनुसार आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है, ताकि वे शिक्षा के साथ-साथ कला एवं अन्य क्षेत्रों में भी अपनी अलग पहचान बना सकें।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों एवं उपस्थितजनों ने स्वयं नशे से दूर रहने और समाज को भी नशे के अभिशाप से मुक्त कराने का संकल्प लिया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक होने और दूसरों को भी जागरूक करने का संदेश दिया।